उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में प्रसारित
Home व्यापार 11 साल से नहीं बदला EPF सैलरी लिमिट, सुप्रीम कोर्ट ने कहा- 4 महीने में फैसला ले केंद्र
व्यापार

11 साल से नहीं बदला EPF सैलरी लिमिट, सुप्रीम कोर्ट ने कहा- 4 महीने में फैसला ले केंद्र

Share
Share

नई दिल्ली: नौकरी करने वाले लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर आई है. अगर आपकी सैलरी 15 हजार रुपये से थोड़ी भी ज्यादा है और आप EPF यानी पीएफ के फायदे से बाहर रह गए हैं, तो आपके लिए ये अच्छी खबर है. सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और EPFO को सख्त निर्देश दिया है कि अगले 4 महीने के भीतर ईपीएफ की वेतन सीमा (Wage Ceiling) को बढ़ाने पर अंतिम फैसला लिया जाए. यह वही सीमा है जो पिछले 11 साल से नहीं बदली गई है. कोर्ट का यह आदेश उन लाखों कर्मचारियों के लिए उम्मीद की किरण है जो पिछले 11 साल से इस नियम के बदलने का इंतजार कर रहे हैं.अब सवाल यह है कि क्या सरकार इसे बढ़ाएगी और क्या अब ज्यादा कर्मचारियों को पीएफ का फायदा मिलेगा.

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और EPFO को निर्देश दिया है कि वे EPF स्कीम के तहत वेतन सीमा बढ़ाने या नहीं बढ़ाने पर चार महीने में फैसला करें. यह आदेश एक जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान दिया गया. कोर्ट ने माना कि लंबे समय से वेतन सीमा में बदलाव न होने की वजह से बहुत से कर्मचारी EPF के दायरे से बाहर हो गए हैं.

11 साल से क्यों नहीं बदली लिमिट?

फिलहाल EPF के लिए वेतन सीमा 15 हजार रुपये महीना है.  जिन कर्मचारियों की बेसिक सैलरी + डीए  15,000 रुपये तक है, उनके लिए पीएफ का हिस्सा कटना अनिवार्य है. यह सीमा सितंबर 2014 से अब तक नहीं बदली गई है. इस दौरान महंगाई और न्यूनतम वेतन (Minimum Wage) कई गुना बढ़ा है और लोगों की आमदनी में भी बदलाव आया है. इसके बावजूद EPF की सीमा वही की वही है. इसका नतीजा यह हुआ कि जिन लोगों की सैलरी 15 हजार से थोड़ी भी ज्यादा है,या  मामूली वेतन वृद्धि होते ही कर्मचारी EPF के दायरे से बाहर रह जाते हैं.

इस नियम की वजह से लाखों नौकरीपेशा लोग पीएफ जैसी सोशल सिक्योरिटी स्कीम से वंचित हो गए हैं. EPF का मकसद रिटायरमेंट के बाद सुरक्षा देना है, लेकिन मौजूदा सीमा के चलते बहुत से कर्मचारी इस फायदे से बाहर हैं. याचिका में कहा गया कि यह तरीका न तो ठीक है और न ही आज के समय के हिसाब से सही बैठता है.

क्या है एक्सपर्ट्स की मांग? 

यह जनहित याचिका डॉक्टर नवीन प्रकाश नौटियाल ने दाखिल की थी. सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में कहा गया कि 15,000 की लिमिट आज के दौर में बिल्कुल तर्कसंगत नहीं है. इसका न तो महंगाई से कोई लेना देना है और न ही बढ़ते न्यूनतम वेतन से. जबकि कई एक्सपर्ट और संसद की समितियां पहले ही कह चुकी हैं कि EPF की वेतन सीमा समय समय पर बढ़नी चाहिए.

एक्सपर्ट्स और संसद की समितियां सुझाव दे चुकी हैं कि इस सीमा को बढ़ाकर 21,000 रुपये या 25,000 रुपये किया जाना चाहिए. अगर ऐसा होता है, तो पीएफ के दायरे में आने वाले कर्मचारियों की संख्या करोड़ों में बढ़ जाएगी.

सुप्रीम कोर्ट की डेडलाइन का मतलब

सुप्रीम कोर्ट की डेडलाइन का मतलब कोर्ट ने इस मामले को अब और लटकाने की गुंजाइश नहीं छोड़ी है. सरकार को 4 महीने में यह बताना होगा कि वह इस सीमा को क्यों नहीं बढ़ा रही है या फिर इसे कब से लागू किया जा रहा है. ईपीएफओ (EPFO) की एक कमेटी पहले ही इसे बढ़ाने की सिफारिश कर चुकी है, बस अब सरकार की मुहर का इंतजार है.

EPFO की अपनी रिपोर्ट में क्या कहा गया?

दिलचस्प बात यह है कि EPFO की एक सब कमेटी पहले ही वेतन सीमा बढ़ाने की सिफारिश कर चुकी है. साल 2022 में इस कमेटी ने कहा था कि ज्यादा से ज्यादा कर्मचारियों को EPF में शामिल किया जाना चाहिए. इस रिपोर्ट को EPFO के सेंट्रल बोर्ड ने जुलाई 2022 में मंजूरी भी दे दी थी, लेकिन अब तक इस पर कोई अमल नहीं हुआ.

हर तीन से पांच साल में वेतन सीमा बढ़ाने की सलाह

लोकसभा की पब्लिक अकाउंट्स कमेटी भी इस मुद्दे पर सवाल उठा चुकी है. समिति ने कहा था कि अगर सबसे निचले स्तर के कर्मचारियों को भी सोशल सिक्योरिटी स्कीम का फायदा नहीं मिलेगा तो ऐसी योजनाओं का मतलब ही खत्म हो जाता है. समिति ने हर तीन से पांच साल में वेतन सीमा बढ़ाने की सलाह दी थी.

नौकरीपेशा लोगों के लिए क्यों खास है ये फैसला

अगर EPF की वेतन सीमा बढ़ती है तो लाखों नए कर्मचारी पीएफ के दायरे में आ सकते हैं. इससे उनकी सैलरी से पीएफ कटेगा, लेकिन बदले में रिटायरमेंट के लिए एक मजबूत फंड तैयार होगा. साथ ही नौकरी बदलने या रिटायर होने के बाद आर्थिक सुरक्षा भी मिलेगी.

वेतन सीमा बढ़ने से आपको क्या होगा फायदा? 

अगर सरकार इस सीमा को 15,000 से बढ़ाकर 21,000 या 25,000 करती है, तो इसके दो बड़े फायदे होंगे..

  • आपकी सैलरी से पीएफ कटेगा, जिसमें कंपनी का भी योगदान होगा. यानी ज्यादा बचत होगी और रिटायरमेंट के लिए एक बड़ा फंड तैयार होगा.
  • ईपीएफ के साथ-साथ कर्मचारी को ईपीएस (EPS) पेंशन और ईडीएलआई (EDLI) बीमा का लाभ भी  मिलने लगेगा.

यह फैसला उन लोगों के लिए सबसे अहम है जो प्राइवेट सेक्टर में कम वेतन पर काम करते हैं. पीएफ न केवल बचत का जरिया है, बल्कि यह टैक्स बचाने और जरूरत पड़ने पर जैसे घर बनाने या बीमारी में पैसा निकालने की सुविधा भी देता है. अगर सरकार और EPFO वेतन सीमा बढ़ाने का फैसला लेते हैं, तो यह नौकरीपेशा लोगों के लिए बड़ी राहत होगी. खासकर उन लोगों के लिए जिनकी सैलरी 15 हजार से थोड़ी ज्यादा है और जो अब तक EPF से बाहर हैं.

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest Posts

Related Articles
व्यापार

केंद्र सरकार ने 10 मिनट में डिलीवरी उपलब्ध करने वाली सेवाओं को बंद करने का दिया निर्देश

 नई दिल्ली। क्विक कॉमर्स की तेज रफ्तार पर अब ब्रेक लग गया है।...

व्यापार

कच्छ के ‘बंजर’ जमीन पर 1.5 लाख करोड़ का निवेश करेगा अडानी समूह

अदाणी ग्रुप अब गुजरात के कच्छ क्षेत्र में विकास की नई इबारत...

व्यापार

EPFO की नई सुविधा, BHIM ऐप से निकाल सकेंगे PF का पैसा

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने 30 करोड़ से अधिक सदस्यों के...

व्यापार

ब्राजील की एम्ब्रेयर के साथ अडाणी ग्रुप बनाएगा जेट विमान

गौतम अडानी समूह ने ब्राजील की प्रमुख एयरोस्पेस कंपनी एम्ब्रेयर के साथ...